मुलायम तंदूरी गार्लिक नान को जब पनीर टिक्का मसाला और दाल फ्राई के साथ परोसा जाता है तब बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाने के लिए नान के ऊपर लहसुन और हरा धनिया छिड़क के पकाया जाता है। घर पर नान बनाने के लिए आपके पास तंदूर या ओवन का होना जरुरी नहीं है। इस रेसिपी में गैस पर ही तवे का उपयोग करके तंदूरी स्वाद वाली नान कैसे बनाते है वो बताया गया है। इसके लिए नान को एक बाजू से तवे के ऊपर सेका जाता है और दूसरी बाजू से सीधे गैस के ऊपर तंदूरी स्वाद लाने के लिए सेका जाता है। अगर आप के पास ओवन है तो आप नीचे दिए गए सुझावों का पालन करके इसे ओवन में भी पका सकते है।
पूर्व तैयारियों का समय: 1 घंटा
पकाने का समय: 25 मिनट
कितने लोगो के लिए: 3
सामग्री: |
1½ कप मैदा (या 1 कप मैदा + 1/2 कप गेहूं का आटा) |
1/2 टीस्पून इंस्टंट ड्राई यीस्ट (या एक्टिव ड्राई यीस्ट) |
1/2 टीस्पून चीनी |
1 टेबलस्पून दही |
1/3 कप दूध |
1 टेबलस्पून तेल |
नमक स्वाद अनुसार |
1/2 कप गुनगुना पानी |
2-3 टेबलस्पून बारीक़ कटा हुआ लहसुन |
3 टेबलस्पून बारीक कटा हुआ हरा धनिया, वैकल्पिक |
बटर, परोसने के लिए |
विधि (Garlic Naan Banane Ki Vidhi Hindi Me):
- एक मध्यम कटोरे में इंस्टंट ड्राई यीस्ट और चीनी लो। उसमें 1/2 कप गुनगुना पानी डालें, एक चम्मच से मिश्रण को हिलाये और 10-15 मिनट के लिए ढककर एक तरफ रख दें। अगर मिश्रण में झाग होता है तो इसका मतलब यीस्ट सक्रिय है, अगर झाग नहीं होता है तो तो इसका मतलब है कि या तो यीस्ट सक्रिय नहीं है या आप बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल कर रहे है। अगर ऐसा होता है तो बिना झाग वाले यीस्ट के मिश्रण को फेंक दे और फिर से मिश्रण बनाये।
- एक परात में 1½ कप मैदा (या 1 कप मैदा और 1/2 कप गेहूं का आटा) छान लें। 1-टेबलस्पून दहीं, 1-टेबलस्पून तेल और नमक डालें।
- स्टेप-1 में बनाया हुआ यीस्ट का मिश्रण डालें। 1/3 कप दूध डालें और अच्छी तरह से मिला लें। रोटी के आटे की तरह नरम आटा गूंधे। यदि आवश्यकता हो तो नरम आटा गूंध ने के लिए कुछ टेबलस्पून पानी डालें।
- आटे को तेल से चिकना कर लें और एक बड़े कटोरे में (या उसी परात में) रखें। आटे को गीले कपड़े से या कटोरे को प्लास्टिक या एक ढक्कन के साथ ढके और 1 से 2 घंटे के लिए हल्के गर्म स्थान में रखें। ढक्कन निकालें। आपको दिखेगा कि आटा कैसे बढ़ गया है (जैसे तस्वीर में दिखाया गया है वैसे)।
- आटे को फिर से लगभग 2-3 मिनट के लिए या नरम होने तक गूंध लें।
- आटे को 5-6 बराबर भागों में विभाजित कर लें और इसमें से गोले बनाइये। उन्हें एक गीले कपड़े से ढके और 30 मिनट के लिए साइड में रख दें।
- एक आटा का गोला लो और उसे हथेलियों के बीच दबाकर लोई के जैसा आकार दो। उसे सूखे आटे से लपेट लो और चकले (रोलिंग बोर्ड) के उपर रखें।
- उसे लंबाई में अंडाकार आकार में बेल लें (लगभग 6 इंच लंबा और 1/2 सेंटीमीटर मोटा)।
- उसके ऊपर थोड़ा कटा हुआ लहसुन और कटा हुआ हरा धनिया छिड़के। उसे हाथ से या बेलन से धीरे से दबाएँ।
- नान को पलटें (लहसुन वाली सतह नीचे की तरफ रखे) और एक ब्रश या हाथ का उपयोग करके ऊपर की सतह को पानी लगाकर गीला करें।
- एक लोहे के तवे को माध्यम आंच पर गर्म करें (नॉन-स्टिक तवे का उपयोग न करें)। जब तवा गर्म हो तब नान उसके ऊपर रखें (गीली सतह नीचे की तरफ रखे), इससे नान तवे से चिपक जायेगी। एक मिनट के भीतर ही आपको सतह पर छोटे बुलबुले दिखाई देगे।
- तवे को उसके हैंडल (हत्था) से पकड़ो और उसे उलटा करके सीधे गैस के ऊपर रखो। तवे को इधर उधर घुमाते हुए नान की सतह पर चित्ती आने तक (कुछ हल्के भूरे रंग के धब्बे आने तक) सेकिये, इसमें लगभग एक मिनट का समय लगेगा।
- जैसे तस्वीर में दिखाया गया है वैसे ही आपको दिखेगा कि नान की सतह पर अच्छे से भूरे रंग के धब्बे हो गये है।
- अब नान को आसानी से कलछी का उपयोग करके निकाल सकेंगे। आपको दिखेगा कि निचे की सतह पर भी अच्छा सुनहरे भूरे रंग हो गया है।
- गार्लिक नान के ऊपर बटर लगाये और पनीर मखनी या अपनी पसंद की कोई भी पंजाबी सब्जी के साथ गरमा गरम परोसें।
सुझाव और विविधता:
- ओवन में गार्लिक नान सेंकने के लिए – ओवन में पिज्जा स्टोन रखें और उसे 500 डिग्री फेरनहाइट (या 280 सेंटीग्रेड) पर लगभग 10-15 मिनट के गर्म कर ले। गरम पिज्जा स्टोन पर नान रखे और उसे 2-3 मिनट के लिए या जब तक पक जाये तब तक ब्रोइल करें।
- कच्ची नान तवे की सतह के साथ चिपकी रखनी जरुरी है। इसीलिए लोहे के तवे का उपयोग करें, नॉन-स्टिक तवे का उपयोग मत करें।
स्वाद: नमकीन और हल्का लहसुन वाला स्वाद के साथ नरम बनावट
परोसने के तरीके: इसे पनीर टिक्का मसाला या साग पनीर, दाल फ्राई और लस्सी के साथ लंच या डिनर में गरमा गरम परोसें।