विराट कोहली ने पहली बार अपने क्रिकेट भविष्य और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर खुलकर बात की है। कोहली ने साफ कहा कि अगर उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने का एहसास कराया गया तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे।
Virat Kohli on his future and ICC World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल रहे हैं। हालांकि अब वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही नजर आते हैं, क्योंकि टी20 और टेस्ट क्रिकेट से वह पहले ही संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में लगातार यह सवाल उठ रहा है कि क्या कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं।
अब खुद विराट कोहली ने अपने क्रिकेट भविष्य, संन्यास और टीम में अपनी भूमिका को लेकर खुलकर बात की है। आरसीबी के पॉडकास्ट में मयंती लैंगर से बातचीत के दौरान कोहली ने कई ऐसे बयान दिए, जिन्होंने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। खास तौर पर उन्होंने अपनी “काबिलियत साबित” करने वाली बात से साफ संकेत दे दिए कि वह सिर्फ नाम के दम पर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते।
2027 वर्ल्ड कप को लेकर Virat Kohli ने क्या कहा?
जब विराट कोहली (Virat Kohli) से 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अगर वह टीम के माहौल में योगदान दे पा रहे हैं और टीम को उनकी जरूरत है तो वह जरूर खेलना चाहेंगे। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्हें हर बार अपनी अहमियत और काबिलियत साबित करने का एहसास कराया जाएगा तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे। कोहली ने कहा कि वह अपनी तैयारी पूरी ईमानदारी से करते हैं और मैदान पर उतरकर 100 प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ अपने नाम के दम पर वर्ल्ड कप नहीं खेलना चाहते।
टेस्ट क्रिकेट छोड़ने पर भी बोले Virat Kohli
कोहली (Virat Kohli) ने अपने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि रेड बॉल क्रिकेट में उनकी फॉर्म वैसी नहीं रह गई थी जैसी वह खुद अपने लिए उम्मीद करते थे। विराट के मुताबिक एक समय ऐसा आता है जब खिलाड़ी को अपने शरीर और दिमाग की बात समझनी पड़ती है। उन्होंने माना कि लंबे समय तक क्रिकेट खेलने के बाद यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन उन्हें लगा कि यही सही समय है।
‘हर गेंद को आखिरी गेंद की तरह खेलता हूं’
विराट कोहली (Virat Kohli) ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि वह आज भी मैदान पर उसी जुनून के साथ उतरते हैं जैसे अपने करियर के शुरुआती दिनों में उतरते थे। उन्होंने कहा कि अगर टीम उनसे 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री दौड़ लगाने को कहे तो वह बिना किसी शिकायत के ऐसा करेंगे। कोहली ने कहा कि वह हर गेंद को अपने करियर की आखिरी गेंद की तरह खेलते हैं और टीम के लिए अपना सबकुछ देने को तैयार रहते हैं।

करियर के अंत को लेकर भी दिया बड़ा संकेत
कोहली (Virat Kohli) ने यह भी स्वीकार किया कि उनके क्रिकेट करियर का अंत अब ज्यादा दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि जब वह क्रिकेट छोड़ेंगे तो पूरी तरह गायब हो जाएंगे और फिर ज्यादा नजर नहीं आएंगे। विराट ने कहा कि अब उनके लिए रिकॉर्ड्स मायने नहीं रखते, बल्कि वह सिर्फ खेल का आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोशिश यही है कि जब वह क्रिकेट को अलविदा कहें तो उनके मन में किसी तरह का पछतावा ना रहे।
