राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने गेंद और बल्ले से शानदार खेल दिखाते हुए अपनी टीम को प्लेऑफ में शान से एंट्री दिलाई।
RR vs MI, Jofra Archer: आईपीएल 2026 के सबसे बड़े मुकाबले में जब राजस्थान रॉयल्स की किस्मत दांव पर लगी थी, तब टीम के विदेशी स्टार खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर ने वानखेड़े स्टेडियम में अकेले अपने दम पर वो गदर मचाया कि पूरी मुंबई इंडियंस उनके सामने सरेंडर कर गई।
रविवार को खेले गए इस नॉकआउट मैच में जोफ्रा आर्चर ने पहले बल्ले से कोहराम मचाया और फिर गेंद से आग उगलते हुए राजस्थान रॉयल्स को 30 रनों की धमाकेदार जीत दिलाई।
Jofra Archer बनें जीत के हीरो
इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे आर्चर, जिन्होंने अकेले ही राजस्थान को 16 अंकों के साथ प्लेऑफ का आखिरी टिकट दिलाकर पंजाब किंग्स का सपना चकनाचूर कर दिया। बुधवार, 27 मई को मुल्लानपुर में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से एलिमिनेटर मुकाबले में होगा।
जीत के बाद क्या बोले Jofra Archer?
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 205/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस बड़े स्कोर को खड़ा करने में आर्चर ने बल्ले से अविश्वसनीय योगदान दिया। अमूमन इम्पैक्ट सब नियम के कारण आर्चर को इस सीजन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल पा रहा था, लेकिन इस बड़े मैच में उन्हें ऊपर भेजा गया। मैच के बाद जोफ्रा आर्चर ने मुस्कुराते हुए कहा,
‘मुझे इतनी जल्दी बल्लेबाजी की उम्मीद नहीं थी। इम्पैक्ट सब के कारण मुझे इस सीजन शायद ही बल्लेबाजी का मौका मिला है। जब कोच ने मुझसे पैड पहनने के लिए कहा, तो मैं सचमुच हैरान था। खैर, मैं खुद को एक ऑलराउंडर की श्रेणी में रखता हूं और इस समय मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं, नजर न लगे।’ आर्चर की इसी ऑलराउंड काबिलियत ने राजस्थान को उस मजबूत स्कोर तक पहुंचाया जिसने मुंबई पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना दिया।

Jofra Archer की धारदार गेंदबाजी
जोफ्रा आर्चर ने इस मैच में अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 17 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इस हाई-स्कोरिंग मैच में जहां बाकी गेंदबाज रन लुटा रहे थे, वहां आर्चर की इकॉनमी लाजवाब रही। आर्चर के इस ऑलराउंड प्रदर्शन के आगे मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। इस तरह, इस विदेशी खिलाड़ी ने गेंद और बल्ले दोनों से अकेले दम पर मैच का पासा पलटकर राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ का शहंशाह बना दिया।
