IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने सफर की शुरुआत जीत के साथ की है। सूर्या एंड कंपनी ने टी20 विश्व कप के तीसरे मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से करारी मात दी है।
IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने यूएसए को 29 रनों से हरा दिया है। खराब बल्लेबाजी के बाद भी टीम इंडिया ने इस मुकाबले में जीत हासिल कर एक बार फिर ये साबित कर दिया कि डिफेंडिंग चैंपियंस को हल्के में लेने की भूल कोई टीम न करे।
यूएसए के खिलाफ टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट चटकाकर यूएसए की कमर तोड़ दी।
IND vs USA: टीम इंडिया की पारी का हाल
बात करें मुकाबले की तो टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में तीन विकेट और गंवा दिए।

IND vs USA: सूर्यकुमार यादव ने खोला धागा
यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक ने छठे ओवर में भारत के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह लौटा दी। इन तीन बल्लेबाजों में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे का विकेट शामिल रहा। एक छोर से गिरते विकेटों के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दूसरे छोर को संभाले रखा और नाबाद रहते हुए 49 गेंदों पर 84 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए।
यूएसए की शुरुआत रही बेकार
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की ओर से सलामी बल्लेबाज की भूमिका में उतरे एंड्रीज गौस ने 9 गेंदों में 6 रन बनाए, जबकि सैतेजा मुक्कमल्ला ने 7 गेंदों में 2 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान मोनांक पटेल भी खासा प्रभावित नहीं कर सके और अपनी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हालांकि, मिलिंद कुमार ने थोड़ी देर तक मोर्चा संभाला लेकिन वह भी 34 गेंदों में 34 रन बनाकर स्टंप आउट हो गए। इसके अलावा संजय कृष्णमूर्ति ने भी 31 गेंदों में 37 रन बनाए।
टी20 में चमके मोहम्मद सिराज
भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन खर्च कर 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलता मिली।
