Babar Azam: दरलैंड्स के खिलाफ अपने पहले ग्रुप स्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने किसी तरह गिरते-पड़ते जीत हासिल की। इस मुकाबले में बाबर आजम एक बार फिर फिसड्डी नजर आए। जिसके बाद से सलमान आगा का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा।
T20 World Cup, Salman Ali Agha and Babar Azam: टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है और पाकिस्तान ने घसीटते-घसीटते किसी तरह नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान की जीत के बाद से कप्तान सलमान अली आगा का बाबर आजम को लेकर बयान काफी वायरल हो रहा है। क्या है ये मामला आइए जानते हैं।
नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि प्लेइंग इलेवन का चयन केवल मेरिट और टीम की जरूरत के आधार पर होगा न कि किसी खिलाड़ी के कद पर। आगा ने यह तक कह दिया कि टीम से बाबर आजम को भी ड्रॉप किया जा सकता है।
क्या बोले सलमान आगा?
मैच से पहले सलमान आगा ने कहा, ‘हम यहां 15 सदस्यीय स्क्वाड के साथ आए हैं और हमारा प्रयास वही कॉम्बिनेशन उतारने का होगा जो टीम की जीत के लिए सबसे बेहतर हो। अगर सीनियर खिलाड़ी, चाहे वो फखर जमान हों या बाबर आजम टीम के कॉम्बिनेशन में फिट नहीं बैठते हैं, तो हम उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करेंगे।’
सलमान आगा ने Babar Azam पर कसा तंज?
आगा ने हालांकि बाबर और फखर के अनुभव का सम्मान किया, लेकिन यह भी दोहराया कि टीम का हित व्यक्तिगत आंकड़ों से ऊपर है। उन्होंने दोनों दिग्गजों के पिछले प्रदर्शन की सराहना की, मगर मौजूदा परिस्थितियों को प्राथमिकता दी। कप्तान ने टीम की मजबूती और मानसिकता पर भरोसा जताते हुए कहा,
‘फखर और बाबर ने सालों तक पाकिस्तान के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और मैं उनका पूरा समर्थन करता हूं, लेकिन प्लेइंग इलेवन का फैसला पूरी तरह इस आधार पर होगा कि टीम के लिए क्या सही है। हमारी तैयारी बेहतरीन है और हमें विश्वास है कि हम वर्ल्ड कप जीत सकते हैं।’

फिर फ्लॉप हुए Babar Azam
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड्स को किसी तरह से हरा दिया। 19वें ओवर में अगर फहीम अशरफ को जीवनदान नहीं मिला होता तो पाकिस्तान अपने टूर्नामेंट का आगाज हार के साथ ही करती। इस मुकाबले में एक बार फिर बाबर आजम का बल्ला खामोश दिखा। बाबर महज 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
