कोलंबो में भारत की 61 रन की जीत के बाद शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने का इंतजार करते रह गए लेकिन उन्हें भाव नहीं मिला।
IND vs PAK, Handshake controversey: कोलंबो में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया। इस जीत के हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने 77 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
हालांकि मैच के बाद एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के साथ हाथ न मिलाने की अपनी नीति बरकरार रखी, जिसके चलते शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक मैदान पर कुछ देर तक इंतजार करते नजर आए।
IND vs PAK: हाथ मिलाने का इंतजार करते रह गए पाक खिलाड़ी
मैच समाप्त होने के बाद पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और उस्मान तारिक भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के लिए मैदान पर खड़े रहे। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों खिलाड़ी कुछ देर तक टीम इंडिया का इंतजार करते रहे। लेकिन जब भारतीय खिलाड़ी उनकी ओर बढ़ते नजर नहीं आए, तो दोनों पाकिस्तानी खिलाड़ी निराश होकर ड्रेसिंग रूम की ओर लौट गए। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
IND vs PAK: टॉस से ही साफ हो गया था भारत का रुख
मैच से पहले टॉस के दौरान ही भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था। उस वक्त ही संकेत मिल गया था कि भारतीय टीम इस मुकाबले में अपनी ‘नो हैंडशेक’ नीति पर कायम रहने वाली है।

IND vs PAK: भारत ने 61 रनों से जीता मुकाबला
इस मुकाबले में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का आमंत्रण मिला था जहां ईशान किशन की धमाकेदार पारी की मदद से 175 रन बनाए थे। ईशान किशन ने इस मुकाबले में मात्र 40 गेंदों में 77 रन बनाए थे। वही लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और उन्होंने ये मुकाबला 61 रनों से गवा दिया था।
