Weather Alert : इन दिनों लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में काफी ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस बीच आईएमडी की ओर से जारी वेदर अपडेट के अनुसार देश के 10 राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में आईएमडी ने कई जगहों के लिए येलो व ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
देशभर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी महीने के महज कुछ दिन ही बचे हैं और ऐसे में उत्तर भारत के साथ-साथ अन्य कई क्षेत्रों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। लोगों को दिनभर तेज धूप के चलते भयंकर गर्मी सताने लगी है। वहीं, दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ राज्यों में बारिश का सिलसिला भी शुरू होने को है। इस बीच भारत मौसम विभाग की ओर से जारी लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार आगामी 48 से 72 घंटे में देश के 10 राज्यों में काफी तेज बारिश होने और हवाएं चलने के आसार हैं।
जानें कहां होगी बारिश
भारत मौसम विभाग की ओर से जो लेटेस्ट वेदर अपडेट जारी किया गया है उसके अनुसार आज 22 फरवरी से 24 फरवरी तक दक्षिण, उत्तर व मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भयंकर बारिश होने के आसार हैं। वहीं, इस दौरान यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से हवाएं भी चल सकती हैं।
विभाग के वेदर अपडेट के अनुसार कर्नाटक, केरल व तमिलनाडु में आज भयंकर बारिश होने के आसार हैं। इसी के साथ जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में भी बर्फबारी व बारिश होने की विभाग ने चेतावनी जारी की है। वहीं, विभाग का पूर्वानुमान है कि कल व परसों यानी 23 व 24 फरवरी को छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उड़ीसा व तेलंगाना में भी आंधी तूफान व तेज बारिश हो सकती है।
जानें पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार हिमालयी राज्यों में मौसम पर काफी ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है। वहीं, बात करें उत्तराखंड के मौसम की तो आज 22 फरवरी से आगामी तीन दिनों तक यहां के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसी के साथ हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। वहीं, विभाग ने मनाली में भारी बर्फबारी होने की संभावना के चलते अलर्ट जारी किया है। विभाग का पूर्वानुमान है कि मनाली में न्यूनतम तापमान -10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही जम्मू कश्मीर में भी आज व कल मौसम काफी ठंडा बना रह सकता है।
जानें राजधानी दिल्ली-एनसीआर में क्या है मौसम का हाल
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। वहीं, इस दौरान बारिश होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। वहीं, सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन में तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का एहसास होता रहेगा।
जानें यूपी-बिहार के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश और बिहार में लगातार तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार में अभी बारिश होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, दिन में तापमान और ज्यादा बढ़ सकता है। हालांकि इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर व कुशीनगर में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला है। वहीं, पटना और लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक होने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को दिन के समय गर्मी महसूस हो सकती है।
