SL vs PAK: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए सुपर-8 के अहम मुकाबले में पाकिस्तान की टीम 5 रनों से जीत हासिल करने में तो कामयाब रही लेकिन पाक टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने में बुरी तरह से फेल हो गई।
SL vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आखिरकार पाकिस्तान का सफर खत्म हो गया। पाकिस्तान ने श्रीलंका ने खिलाफ मुकाबले में 5 रनों से जीत तो हासिल की लेकिन फिर भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की न कर पाई।
पाकिस्तान सेमीफाइनल में एक ही सूरत में जा सकती थी अगर वो पूरी श्रीलंका टीम को 147 रनों के अंदर समेट दे लेकिन सलमान आगा की टीम ऐसा करने में नाकामयाब रही और ग्रुप-2 से सेमीफाइनल का दूसरा टिकट न्यूजीलैंड को मिल गया।
SL vs PAK: क्या रहा मैच का हाल?
टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन स्कोरबोर्ड पर टांगे। जवाब में श्रीलंका की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी करके 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए और सिर्फ 5 रनों से मुकाबला हार गई। एक ओर पाकिस्तान जीत कर भी टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई दूसरी तरफ श्रीलंका भी हारकर इस विश्व कप से निकल गई।
साहिबजादा और फखर की शानदार साझेदारी
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने शानदार शतकीय पारी खेली। साहिबजादा ने इस पारी के दौरान 9 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। साहिबजादा का साथ देते हुए फखर जमान ने भी 42 गेंदों पर 84 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जिसमें उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए।
इन दोनों के अलावा पाकिस्तान को कोई और बल्लेबाज मैदान पर नहीं टिक सका। जिसके कारण ही पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने 3 विकेट हासिल किए। वहीं कप्तान दासुन शनाका ने भी 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
SL vs PAK: श्रीलंका की पारी का हाल
213 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। पथुम निसांका सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कामिल मिशारा ने 26 रन तो वहीं चरिथ असलंका ने 25 रनों की पारी खेली। पवन रथनायके ने 58 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जबकि अंत में कप्तान दासुन शनाका ने 31 गेंदों में 8 लंबे-लंबे छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

न्यूजीलैंड को मिला सेमीफाइनल का टिकट
श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए और सिर्फ 5 रनों से मुकाबला हार गई। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 3 विकेट हासिल किए। हालांकि, इस जीत के बाद भी पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया।
