टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की फील्डिंग चिंता का कारण बन गई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में कई कैच छोड़ने के साथ भारत टूर्नामेंट में एक शर्मनाक रिकॉर्ड का शिकार हो गई।
IND vs WI, Catch Effeciency of Team India: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। पिछले संस्करण में बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीतने वाली टीम इंडिया इस बार घरेलू परिस्थितियों में भी निरंतरता बनाए रखने में संघर्ष करती नजर आई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर सवाल उठते रहे, लेकिन एक कड़वा सच यह भी है कि फील्डिंग के मोर्चे पर टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है।
सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले (IND vs WI) में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के सामने सेमीफाइनल में पहुंचने की चुनौती थी। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई लेकिन भारतीय फील्डर ने निराश किया और उनके नाम इस टी20 वर्ल्ड कप बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है।
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ छोड़े गए अहम कैच
वेस्टइंडीज की पारी के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने चार बार बल्लेबाजों को जीवनदान दिया, जिनमें तीन मौके सीधे कैच ड्रॉप के थे। पहला मौका 4.5 ओवर में आया, जब अभिषेक शर्मा ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रॉस्टन चेज का आसान कैच छोड़ दिया। उस समय चेज 14 रन पर थे और बाद में 40 रन तक पहुंच गए।
अभिषेक शर्मा ने 19वें ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर रोवमैन पॉवेल का भी कैच छोड़ा, जब वह 27 रन पर थे। पॉवेल अंत तक नाबाद 34 रन बनाकर लौटे। इन दोनों कैचों ने वेस्टइंडीज को अंतिम ओवरों में मजबूत स्थिति दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
IND vs WI: तिलक वर्मा और रन-आउट का चूका मौका
इन दो ड्रॉप कैचों के बीच तिलक वर्मा भी एक मुश्किल मौका भुनाने में असफल रहे। अक्षर पटेल की गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड का कैच उनके हाथ से छूट गया और गेंद सीधे छह रन के लिए चली गई। उस समय रदरफोर्ड महज 1 रन पर थे, हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके अलावा पारी के तीसरे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने गलत छोर पर थ्रो कर रॉस्टन चेज को रन आउट करने का सुनहरा मौका भी गंवा दिया, जब वह सिर्फ 1 रन पर थे। ऐसे छोटे-छोटे मौके मैच का रुख बदल सकते थे।
IND vs WI: टूर्नामेंट में सबसे खराब कैचिंग रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन कैच ड्रॉप के साथ ही टीम इंडिया का टूर्नामेंट में खराब फील्डिंग रिकॉर्ड और उजागर हो गया। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक कुल 13 कैच छोड़े हैं, जो सभी टीमों में सबसे ज्यादा है।
भारत की कैचिंग एफिशिएंसी केवल 71.7 प्रतिशत रही है, जो सुपर-8 में पहुंची आठों टीमों में सबसे खराब आंकड़ा है। यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि अगर टीम इंडिया को खिताब की दौड़ में बने रहना है, तो फील्डिंग के स्तर में तुरंत सुधार करना होगा।
