Kal ka Mausam :देश के ज्यादातर हिस्सों में मार्च महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में दिल्ली व एनसीआर में तेजी से तापमान में बढ़ोतरी दिख रही है। उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में जहां दिन के समय भयंकर धूप निकल रही है। वहीं, बीच-बीच में कुछ राज्यों में बादल भी छा रहे हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाएं देखने को मिल रही हैं। इस बीच भारत मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि कल 13 मार्च को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है।
भारत मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार कल 13 मार्च को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम के अलग-अलग मिजाज देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान जहां कुछ क्षेत्रों में तेज धूप छाने की संभावना है। वहीं, कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाएं भी देखने को मिल सकती हैं।
दिल्ली और एनसीआर में मार्च महीने की शुरुआत से ही भयंकर गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि आज गुरुवार का दिन साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज हो सकता है। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है। वहीं, कल 13 मार्च को भी दिल्ली में मौसम साफ बना रहने की विभाग ने संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
जानें दिल्ली में आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने जहां कल 13 मार्च को दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। वहीं, 14 मार्च से दिल्ली और एनसीआर में एक बार फिर मौसम बदल सकता है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के चलते दिल्ली में बादल छा सकते हैं। वहीं 15 मार्च को हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कल 13 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
जानें कहां होगी बारिश
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार कल उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार कल 13 मार्च को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बादल छा सकते हैं। वहीं, इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के भी आसार बने हुए हैं। साथ ही इस दौरान 40 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में कई इलाकों के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं आईएमडी का यह भी पूर्वानुमान है कि कल गुजरात और राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में गर्मी बढ़ सकती है। ऐसे में कई जगह पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की आशंका है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में हीट वेव के हालात भी देखे जा सकते हैं। वहीं, बात करें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के मौसम की तो यहां एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इन प्रदेशों के कुछ स्थानों पर जहां बादल छाए रह सकते हैं वहीं कुछ में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। ऐसे में तापमान में कुछ गिरावट जरूर दर्ज की जा सकती है।
जानें कश्मीर के मौसम का हाल
कश्मीर के मौसम को लेकर विभाग का अपडेट है कि आगामी 24 घंटे में यहां बादल छाए रह सकते हैं और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, बीते दो दिनों से कश्मीर के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है। श्रीनगर सहित घाटी के अन्य मैदानी क्षेत्रों में बारिश भी देखने को मिल रही है।
जानें आपके शहर में कल कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग की ओर से जो वेदर अपडेट जारी किया गया है, उसके अनुसार कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, मुंबई में 38 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस, चेन्नई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है।
वहीं, कल 13 मार्च को कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं, गुलाबी नगरी जयपुर में कल 13 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी शहर शिमला में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
