SRH vs RR: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन के ड्रीम डेब्यू ने राजस्थान रॉयल्स के विजयी रथ को रोक दिया है और 57 रनों से हराकर IPL 2026 की दूसरी जीत हासिल की।
SRH vs RR: आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के हक में रहा। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH vs RR) के बीच खेले गए मुकाबले में SRH ने RR को 57 रनों से हराया। इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ रुक गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद की इस जीत में दो खिलाड़ियों का सबसे अहम रोल रहा और वो खिलाड़ी हैं साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे। प्रफुल्ल और साकिब ने आज SRH के लिए आईपीएल डेब्यू करते हुए 4-4 विकेट चटकाकर राजस्थान रॉयल्स की बखिया उधेड़ दी।
IPL Point Table का हाल
बात करें आईपीएल पॉइंट टेबल की तो सनराइजर्स हैदराबाद ने 57 रनों से बड़ी जीत के बाद अंक तालिका पर बड़ी छलांग लगाई है। SRH 4 अंक और +0.576 नेट रनरेट के साथ पॉइंट्स टेबल पर चौथे स्थान पर पहुंच गई है तो वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिए ये इस सीजन की पहली हार रही। हार के बाद आरआर 8 अंक +0.889 नेट रनरेट के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है।
SRH vs RR: ईशान किशन शतक से चूके
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH vs RR) ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से सबसे ज्यादा रन कप्तान ईशान किशन ने बनाए। किशन शतक से तो चूक गए पर उनकी 43 गेंदों पर 91 रनों की पारी ने टीम को काफी मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। ईशान किशन ने अपनी पारी के दौरान 8 चौके और 6 छक्के लगाए।
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी में अभिषेक शर्मा 0, ट्रेविस हेड 18, ईशान किशन 91, हेनरिक क्लासेन 40, नीतीश रेड्डी 28, सलिल अरोड़ा 24*, अनिकेत वर्मा 6 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट चटकाए। वहीं संदीप शर्मा, रियान पराग और तुषार देशपांडे को 1-1 सफलता मिली।
SRH vs RR: राजस्थान रॉयल्स के उड़े होश
216 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के उस वक्त छक्के छूट गए जब 2 रन पर टीम ने 4 विकेट गिर गए। राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ी खाता तक नहीं खोल पाए। इन खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस शामिल रहे। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से डेब्यू कर रहे साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों की सारी हेकड़ी निकाल दी।
SRH vs RR: प्रफुल्ल हिंगे-साकिब हुसैन का ड्रीम डेब्यू
प्रफुल्ल हिंगे ने अपने आईपीएल डेब्यू ओवर में एक साथ वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को पवेलियन रवाना किया। यशस्वी जायसवाल 1 रन बनाकर साकिब हुसैन का शिकार बने। कप्तान रियान पराग 4 रन बनाकर हिंगे का चौथा शिकार बने। इसके बाद आरआर की ओर से जडेजा और फरेरा के बीच शतकीय साझेदारी देखने को मिली।

जडेजा 45 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं फरेरा 69 रन। तुषार देशपांडे 25, जोफ्रा आर्चर 2, बिश्नोई 0 और नांद्रे बर्गर 3 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान रॉयल्स की पूरी पारी 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई। RR की ओर से प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने 4-4 विकेट लिये। ईशान मलिंगा को 2 सफलता हासिल हुई।
