LSG vs KKR मैच में मोहसिन खान ने 5 विकेट लेकर IPL 2026 का पहला पंजा खोला और कोलकाता बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने 13 साल पुराना बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
LSG vs KKR, Mohsin Khan five-wicket haul: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले में मोहसिन खान ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का पूरा रंग बदल दिया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने केकेआर बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए पांच विकेट झटके और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
मोहसिन खान ने सिर्फ विकेट ही नहीं लिए, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया। वह आईपीएल 2026 में पांच विकेट हॉल लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। साथ ही उन्होंने 13 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारतीय बाएं हाथ के गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी अपने नाम कर लिया।
LSG vs KKR: मोहसिन खान ने KKR पर बरपाया कहर
मोहसिन खान ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट झटके। उन्होंने शुरुआत से ही कोलकाता के बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। अपने पहले ओवर में ही उन्होंने टिम सिफर्ट को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे को आउट कर बड़ा झटका दिया। फिर रोवमैन पॉवेल को भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। अपने स्पेल की आखिरी दो गेंदों पर उन्होंने कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय को आउट कर पांच विकेट पूरे किए। उनका यह स्पेल मैच (LSG vs KKR) का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
LSG vs KKR: 13 साल पुराना रिकॉर्ड किया अपने नाम
मोहसिन खान का यह प्रदर्शन आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट लिए और जयदेव उनादकट का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जयदेव उनादकट के नाम था, जिन्होंने साल 2013 में आरसीबी के लिए खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 25 रन देकर 5 विकेट लिए थे। अब 13 साल बाद मोहसिन खान ने उनसे बेहतर आंकड़े दर्ज कर नया इतिहास रच दिया।
LSG vs KKR: अनकैप्ड गेंदबाजों में भी खास मुकाम
मोहसिन खान का यह प्रदर्शन आईपीएल इतिहास में अनकैप्ड गेंदबाजों के बीच चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बन गया है। उनसे आगे सिर्फ आकाश मधवाल (5/5), अंकित राजपूत (5/14) और वरुण चक्रवर्ती (5/20) हैं।

LSG vs KKR: चोट से वापसी कर फिर चमके मोहसिन
मोहसिन खान ने साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 9 मैचों में 14 विकेट लेकर सभी का ध्यान खींचा था। हालांकि इसके बाद चोटों ने उनके करियर की रफ्तार रोक दी।
2023 में वह सिर्फ 5 मैच खेल सके, जबकि 2025 सीजन चोट के कारण गंवाना पड़ा। लेकिन आईपीएल 2026 में उन्होंने दमदार वापसी की है। अब तक 4 मैचों में 9 विकेट लेकर वह लखनऊ के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल हो चुके हैं।
