वैभव सूर्यवंशी का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नन्हें फैन से फोटो खिंचवाने के बदले 100 रुपये मांगे, फिर बाद में इसे मजाक बताया।
Vaibhav Sooryavanshi asked young fans 100 Rs for photo: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींचने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी अब मैदान के बाहर भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। 15 साल की उम्र में बड़े-बड़े गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले वैभव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका मजाकिया और बेहद प्यारा अंदाज देखने को मिला।
फैंस वैभव की बल्लेबाजी के पहले ही दीवाने हो चुके हैं, लेकिन अब उनका जमीन से जुड़ा स्वभाव भी लोगों का दिल जीत रहा है। वायरल वीडियो में वैभव एयरपोर्ट पर बैठे नजर आ रहे हैं, तभी दो छोटे फैन उनके पास फोटो खिंचवाने पहुंचते हैं। इसके बाद जो हुआ, उसने सभी के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
नन्हें फैंस से Vaibhav Sooryavanshi बोले फोटो के लिए 100 रुपये लगेंगे
वीडियो में देखा जा सकता है कि दो छोटे बच्चे वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) से सेल्फी लेने की गुजारिश करते हैं। इस पर वैभव गंभीर अंदाज में कहते हैं, “भाई, मैं फोटो के लिए पैसे लेता हूं… 100 रुपये दूंगा तो फोटो मिलेगी।” वैभव की यह बात सुनकर दोनों बच्चे कुछ देर के लिए चौंक जाते हैं, लेकिन अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए तुरंत 200 रुपये लेकर वापस पहुंच जाते हैं। बच्चों का यह मासूम अंदाज देखकर वैभव खुद भी हंस पड़े।
फिर खोला मजाक का राज
जैसे ही बच्चों ने पैसे आगे बढ़ाए, वैभव (Vaibhav Sooryavanshi) मुस्कुराते हुए बोले कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने दोनों नन्हें फैंस के साथ खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने वैभव की खूब तारीफ की। लोगों ने कहा कि इतनी कम उम्र में नाम कमाने के बावजूद वैभव बेहद विनम्र और जमीन से जुड़े हुए हैं।

आईपीएल 2026 में बल्ले से मचा रहे हैं धमाल
अगर मैदान की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 8 मुकाबलों में 357 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 44.63 और स्ट्राइक रेट 234.87 का रहा है। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया था। वैभव अब आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
