आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने 223 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया और उन्हें सीजन की पहली हार थमा दी।
PBKS vs RR Match Report: आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टेबल टॉपर्स पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर सीजन की पहली हार थमा दी। यह मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा, जहां दोनों टीमों ने रन बरसाए, लेकिन अंत में बाजी राजस्थान के नाम रही।
223 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने जिस अंदाज में जीत हासिल की, उसने उनके इरादे साफ कर दिए। खास बात यह रही कि टीम के कई बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी लेकिन प्रभावी पारियां खेलकर मैच को पंजाब से छीन लिया।
PBKS vs RR: सूर्यवंशी-जायसवाल ने रखी जीत की मजबूत नींव
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए महज 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए, जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने भी आक्रमण जारी रखते हुए 27 गेंदों में 51 रन बनाए। दोनों के बीच 20 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी ने मैच का रुख राजस्थान की ओर मोड़ दिया।
PBKS vs RR: मिडिल ऑर्डर ने संभाला मोर्चा, फिनिशर्स ने किया काम पूरा
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 20 गेंदों में 16 रन ही बना पाए। लेकिन कप्तान रियान पराग ने 16 गेंदों में 29 रन बनाकर पारी को संभाला और टीम को ट्रैक पर बनाए रखा। इसके बाद डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने कमाल की फिनिशिंग की। दोनों ने मिलकर 32 गेंदों में 77 रनों की साझेदारी की और आखिरी ओवर में मैच पंजाब से छीन लिया। फरेरा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे ने 12 गेंदों में नाबाद 31 रन जड़े।

PBKS vs RR: पंजाब के बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम
हालांकि पंजाब किंग्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी बल्लेबाजी भी शानदार रही। टीम ने 20 ओवर में 222 रन बनाकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्या ने 11 गेंदों में 29 रन और कूपर कॉनली ने 14 गेंदों में 30 रन जोड़े। वहीं मार्कस स्टोयनिस ने 22 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

PBKS vs RR: अंक तालिका में आया बड़ा बदलाव
इस मुकाबले (PBKS vs RR) के बाद अंक तालिका में भी हलचल देखने को मिली। पंजाब किंग्स ने अब तक 8 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है और एक में हार मिली है, जिससे टीम 13 अंकों के साथ अभी भी शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने 9 मैचों में 6 जीत के साथ तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। आरसीबी भी 8 मैचों में 6 जीत के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जिससे प्लेऑफ की रेस और दिलचस्प हो गई है।
