IPL 2026 के बीच 5 बार की चैंपियन को बड़ा झटका लगा है जहां सीजन के अंतिम चरण में 2 स्टार खिलाड़ी चोट की वजह से बाहर हो गए है।
2 Injuries for the 5 time champions: आईपीएल 2026 का लीग चरण अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है। तीन टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, जबकि चौथे स्थान के लिए अभी भी जंग जारी है। इसी बीच 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को ऐसा झटका लगा है जिसने टीम की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई के दो खिलाड़ी एक साथ पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
मुंबई इंडियंस का यह सीजन उम्मीदों के बिल्कुल उलट रहा। स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम पूरे सीजन लय हासिल नहीं कर सकी और अब चोटों ने भी फ्रेंचाइजी की परेशानियां बढ़ा दी हैं। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा के बाहर होने के बाद टीम संयोजन पर बड़ा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
IPL 2026: क्विंटन डी कॉक और राज अंगद बावा हुए बाहर
मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि क्विंटन डी कॉक बाएं हाथ की कलाई में टेंडन इंजरी के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले लगी थी। वहीं युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान दाएं अंगूठे में लिगामेंट टियर का शिकार हो गए। फ्रेंचाइजी ने यह भी साफ किया है कि दोनों खिलाड़ी फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं और जल्द ही रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों का ऐलान किया जाएगा।
IPL 2026: डी कॉक ने कम मैचों में छोड़ी छाप
साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को इस सीजन ज्यादा मुकाबले खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से जरूर प्रभावित किया। डी कॉक ने सिर्फ तीन मैचों में 132 रन बनाए, जिसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली गई नाबाद 112 रन की विस्फोटक पारी शामिल रही। हालांकि इसके बाद वह अगली दो पारियों में सिर्फ 13 और 7 रन ही बना सके, लेकिन टीम को तेज शुरुआत देने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही थी।

IPL 2026: राज अंगद बावा को नहीं मिले ज्यादा मौके
23 साल के युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा को IPL 2026 में लगातार मौके नहीं मिले। उन्होंने इस सीजन तीन मुकाबले खेले, जिसमें बल्लेबाजी से सिर्फ 16 रन बनाए जबकि गेंदबाजी में दो विकेट हासिल किए। मुंबई इंडियंस टीम मैनेजमेंट उन्हें भविष्य के खिलाड़ी के तौर पर देख रही है, लेकिन चोट के चलते उनका सीजन समय से पहले खत्म होना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।

IPL 2026: बेहद खराब रहा मुंबई इंडियंस का सीजन
मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टीम ने 12 मुकाबलों में सिर्फ 4 जीत दर्ज की हैं और वह पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर मौजूद है। मुंबई का नेट रन रेट भी -0.504 रहा है, जो उनके खराब प्रदर्शन की कहानी बयान करता है। अब टीम को अपने आखिरी दो लीग मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलने हैं, जहां वह सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
