IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ क्वालीफायर 1 में करारी हार का सामना करने के बाद भी बाहर नहीं हुई गुजरात टाइटंस, समझिए कैसे फाइनल में बना सकती है जगह।
IPL 2026, One more Chance for Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों ही टीमों ने 18 अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप-2 में फिनिश किया था, जिसकी वजह से एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद थी। हालांकि मैदान पर पूरी तरह एकतरफा मैच देखने को मिला।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत टीम ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं गुजरात के फैंस को जरूर निराशा हाथ लगी, लेकिन इस हार के बावजूद टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है।
IPL 2026: हार के बाद भी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए गुजरात टाइटंस
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा, जिससे फैंस काफी निराश नजर आए। हालांकि टीम के पास अभी भी फाइनल में पहुंचने का एक और मौका रहेगा। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता टीम का सामना क्वालीफायर-2 में गुजरात से होगा। उस मैच को जीतने वाली टीम आरसीबी के खिलाफ फाइनल खेलेगी।
IPL 2026: कैसा रहा मुकाबले का हाल
मुकाबले की बात करें तो गुजरात ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। इसके बाद आरसीबी के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया और रजत पाटीदार की 33 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी के दम पर टीम ने 20 ओवर में 254 रन बना दिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 51 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद राहुल तेवतिया ने संघर्ष जरूर किया और 67 रनों की पारी खेली, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।

IPL 2026: प्लेऑफ के बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल
IPL 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वहीं इस मैच की विजेता टीम 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस से क्वालीफायर-2 खेलेगी। इसके बाद 31 मई को अहमदाबाद में आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।
