आरसीबी के खिलाफ क्वालीफायर-1 में मिली करारी हार के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स प्रेस कॉन्फ्रेंस में भड़क गए। एक पत्रकार के सवाल को उन्होंने ‘बहुत घटिया’ और ‘बेवकूफाना’ बताते हुए तीखा जवाब दिया।
IPL 2026, Glenn Phillips angry during Press conference: आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात की टीम सिर्फ 162 रन पर सिमट गई। इस 92 रन की हार के बाद जहां टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठे, वहीं पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्लेन फिलिप्स का गुस्सा चर्चा का विषय बन गया।
न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स मुकाबले में प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे, लेकिन हार के बाद मीडिया से बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे ऐसा सवाल पूछ लिया, जिस पर फिलिप्स अपना आपा खो बैठे। उनका जवाब अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
IPL 2026: किस सवाल पर भड़के ग्लेन फिलिप्स?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्लेन फिलिप्स से पूछा गया कि क्या 255 रन के विशाल लक्ष्य को देखकर गुजरात टाइटंस की टीम मानसिक रूप से मैच हार चुकी थी? यह सवाल सुनते ही फिलिप्स नाराज हो गए और उन्होंने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “यह बहुत बेवकूफाना सवाल है। प्रोफेशनल क्रिकेटर होने के नाते हम ऐसा क्यों सोचेंगे? यह बहुत घटिया सवाल है।” फिलिप्स ने साफ कहा कि टीम मैदान पर अपना सबकुछ झोंकने उतरी थी और सभी खिलाड़ी जीत की उम्मीद के साथ खेल रहे थे।
IPL 2026: स्कोरबोर्ड के दबाव को माना हार की वजह
ग्लेन फिलिप्स ने माना कि 250 रन के लक्ष्य का पीछा करना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि इतने बड़े टोटल का पीछा करते समय हर चीज आपके पक्ष में होनी चाहिए, लेकिन गुजरात के साथ ऐसा नहीं हुआ। फिलिप्स के मुताबिक शुरुआती विकेट गिरने के बाद टीम पूरी तरह दबाव में आ गई थी। उन्होंने यह भी माना कि स्कोरबोर्ड का प्रेशर बल्लेबाजों पर साफ नजर आया और टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी।
IPL 2026: खराब फील्डिंग ने भी बिगाड़ा खेल
फिलिप्स ने गुजरात टाइटंस की खराब फील्डिंग को भी हार का बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि प्लेऑफ जैसे बड़े मुकाबलों में फील्डिंग सबसे अहम भूमिका निभाती है और उनकी टीम इस विभाग में पूरी तरह फेल रही। खासतौर पर रजत पाटीदार का कैच छोड़ना गुजरात को भारी पड़ गया। पाटीदार ने इसके बाद नाबाद 93 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच पूरी तरह आरसीबी के पक्ष में कर दिया। फिलिप्स ने कहा कि अगर आप आसान कैच छोड़ते हैं तो इतने बड़े मैच जीतना मुश्किल हो जाता है।

IPL 2026: बड़ी हार से कैसे होगा फायदा?
इस सीजन (IPL 2026) ग्लेन फिलिप्स ने हार के बावजूद टीम का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कभी-कभी बड़ी हार से उबरना आसान होता है, क्योंकि टीम को यह समझ आ जाता है कि वह मुकाबले में कहीं आसपास भी नहीं थी। फिलिप्स के मुताबिक अगर टीम एक या दो रन से हारती तो खिलाड़ी बार-बार उन्हीं पलों के बारे में सोचते रहते। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खराब दिन था और इसका मतलब यह नहीं कि अगले मैच में भी टीम खराब प्रदर्शन करेगी। अब गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर जीतने वाली टीम को हराना होगा।
