हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी की संभावना के बीच आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाल सकते हैं।
IPL 2026, Rohit Sharma captaincy: आईपीएल 2026 मुंबई इंडियंस के लिए अब तक काफी मुश्किल भरा रहा है। टीम ने 10 मुकाबलों में सिर्फ 3 जीत हासिल की हैं और प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए अब हर मैच जीतना जरूरी हो गया है। ऐसे समय में टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले कप्तान हार्दिक पंड्या और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में अब टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
IPL 2026: हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की फिटनेस बनी चिंता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या टीम के साथ रायपुर के लिए रवाना नहीं हुए हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर जब टीम के खिलाड़ी नजर आए, तब हार्दिक वहां मौजूद नहीं थे। हार्दिक पिछले मुकाबले में भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नहीं खेले थे। उनकी गैरमौजूदगी की वजह पीठ में ऐंठन बताई गई थी। अब माना जा रहा है कि वह आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं। वहीं सूर्यकुमार यादव भी टीम के साथ रायपुर नहीं गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार वह निजी कारणों की वजह से टीम के साथ नहीं हैं और उनके खेलने पर भी सस्पेंस बना हुआ है।

IPL 2026: रोहित शर्मा फिर संभाल सकते हैं कप्तानी
अगर हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव दोनों अगले मुकाबले में उपलब्ध नहीं होते हैं, तो रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। रोहित इससे पहले लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रह चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता था और वह लीग के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं।
IPL 2026: मुंबई इंडियंस के पास ये भी हैं कप्तानी के विकल्प
रोहित शर्मा के अलावा मुंबई इंडियंस के पास कप्तानी के कुछ और विकल्प भी मौजूद हैं। टीम युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी जिम्मेदारी दे सकती है। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह भी कप्तानी के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। बुमराह के पास भारतीय टीम की कप्तानी का अनुभव भी है, जो टीम के काम आ सकता है।
