BCCI ने IPL 2026 प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू का ऐलान कर दिया है। इस बार फाइनल मुकाबला बेंगलुरु नहीं बल्कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ मैच धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होंगे।
IPL 2026 Playoffs schedule: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। लीग स्टेज के मुकाबले खत्म होने की ओर हैं और इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू और शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस बार फैंस को बड़ा झटका तब लगा जब यह साफ हो गया कि आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु में नहीं खेला जाएगा।
पहले ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि इस सीजन का फाइनल एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में आयोजित होगा, लेकिन अब बीसीसीआई ने फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद को सौंप दी है। वहीं प्लेऑफ मुकाबले इस बार तीन अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिसके पीछे लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल कारण बताए गए हैं।
अहमदाबाद में होगा IPL 2026 का फाइनल
बीसीसीआई के आधिकारिक ऐलान के मुताबिक आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं 70 लीग मुकाबलों के बाद प्लेऑफ की शुरुआत 26 मई से होगी। क्वालिफायर-1 धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 न्यू चंडीगढ़ में आयोजित किए जाएंगे। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों की वजह से प्लेऑफ मुकाबलों को अलग-अलग शहरों में कराने का फैसला लिया गया है।
IPL 2026 प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों का शेड्यूल इस प्रकार है:
- क्वालिफायर-1 (26 मई): एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला
- एलिमिनेटर (27 मई): न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
- क्वालिफायर-2 (29 मई): न्यू इंटरनेशनल स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
- फाइनल (31 मई): नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
पिछले साल भी अहमदाबाद में हुआ था फाइनल
गौरतलब है कि पिछले सीजन में भी खराब मौसम की वजह से आईपीएल फाइनल को कोलकाता से अहमदाबाद शिफ्ट किया गया था। उस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब एक बार फिर नरेंद्र मोदी स्टेडियम आईपीएल के सबसे बड़े मुकाबले की मेजबानी करेगा।

