MI vs CSK मुकाबले में तिलक वर्मा और जेमी ओवरटन के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली, जिसके बाद अंपायर को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सफर लगातार मुश्किल होता जा रहा है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उतरी पांच बार की चैंपियन टीम को अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में 5 हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में प्लेऑफ की राह अब बेहद कठिन नजर आने लगी है।
मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 103 रन से करारी शिकस्त मिली। इस मैच में जहां टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही, वहीं मैदान पर तिलक वर्मा और सीएसके के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन के बीच हुई तीखी बहस ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
MI vs CSK: तिलक वर्मा और ओवरटन के बीच क्या हुआ?
यह घटना मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान हुई, जब तिलक वर्मा रन लेने के लिए दौड़े लेकिन सीएसके की शानदार फील्डिंग के कारण दूसरा रन पूरा नहीं हो सका। इसके बाद जेमी ओवरटन और तिलक वर्मा के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओवरटन ने तिलक से पूछा कि उन्होंने कॉल करने के बाद दूसरा रन क्यों नहीं लिया। इस पर तिलक ने जवाब दिया कि फील्डर तेजी से गेंद तक पहुंच गया था। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक बहस चलती रही, जिसके बाद अंपायर को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा।
MI vs CSK: तिलक वर्मा ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
मुंबई इंडियंस की पारी लड़खड़ा चुकी थी, लेकिन तिलक वर्मा ने एक छोर संभालने की कोशिश की। उन्होंने 29 गेंदों पर 37 रन बनाए। अपनी पारी में तिलक ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला।

MI vs CSK: संजू सैमसन के शतक ने पलटा मैच
इस मुकाबले(MI vs CSK) में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कप्तान संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 54 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। संजू की विस्फोटक पारी के दम पर सीएसके ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए। बड़े लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 19 ओवर में सिर्फ 104 रन पर सिमट गई।
