21 दिन बाद वानखेड़े में लौटे रोहित शर्मा ने 7 छक्के और 6 चौकों के साथ तूफानी पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को मजबूत शुरुआत दिलाई और अपनी शानदार वापसी के साथ इतिहास रच दिया।
MI vs LSG, Rohit Sharma fifty on his return from injury: आईपीएल 2026 के अहम मोड़ पर मुंबई इंडियंस को जिस वापसी का इंतजार था, वो आखिरकार मिल गई। टीम के स्टार ओपनर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 21 दिनों बाद मैदान पर वापसी करते ही ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने वानखेड़े स्टेडियम को एक बार फिर ‘हिटमैन’ के नाम कर दिया।
हैमस्ट्रिंग चोट के कारण लगातार 5 मुकाबलों से बाहर रहने वाले रोहित ने वापसी करते ही अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी की और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ दिया। वही इस पारी के साथ उन्होंने एक और इतिहास रच दिया है।
MI vs LSG: वापसी पर रोहित का तूफान, 27 गेंदों में ठोका अर्धशतक
21 दिन बाद टीम में लौटे रोहित शर्मा ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया। वानखेड़े के मैदान पर उन्होंने लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रोहित ने शुरुआत से ही बड़े शॉट्स खेले और हर गेंदबाज को निशाने पर लिया। उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था और उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाए।
MI vs LSG: 7 छक्के-6 चौकों के साथ खेली विस्फोटक पारी
रोहित शर्मा ने अपनी पारी में कुल 44 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। वो अपने शतक के करीब पहुंच चुके थे, लेकिन 14वें ओवर में स्पिनर मनिमारन सिद्धार्थ का शिकार बन गए। हालांकि फैंस को उनकी ये पारी काफी पसंद आई।

रिकल्टन के साथ मिलकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रोहित ने अपने ओपनिंग पार्टनर रायन रिकल्टन के साथ मिलकर शानदार साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर सिर्फ 10.5 ओवर में 143 रन जोड़ दिए, जो इस सीजन की सबसे यादगार साझेदारियों में से एक रही। यह IPL में इन दोनों की तीसरी शतकीय ओपनिंग साझेदारी थी, जिसके साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया।
