आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि अगर मैच रद्द हो जाता है तो फाइनल में पहुंचने का फैसला किस नियम के तहत होगा।
RCB vs GT, what happens if rain washed out the qualifier 1: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और मंगलवार को इस सीजन की पहली फाइनलिस्ट टीम का फैसला होने वाला है। क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। हालांकि मुकाबले से पहले मौसम को लेकर फैंस की चिंता बढ़ गई है और सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो गया तो आखिर कौन सी टीम फाइनल में पहुंचेगी।
आईपीएल प्लेऑफ के नियमों के मुताबिक अंक तालिका में शीर्ष-4 टीमें प्लेऑफ में जगह बनाती हैं। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है। वहीं टॉप-2 में रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं। इसी वजह से क्वालीफायर-1 का मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
RCB vs GT: क्या क्वालीफायर-1 के लिए रिजर्व डे रखा गया है?
आईपीएल के नियमों में प्लेऑफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे का जिक्र जरूर किया गया है, लेकिन अब तक के इतिहास में क्वालीफायर और एलिमिनेटर मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया। सिर्फ फाइनल मुकाबले के लिए ही रिजर्व डे का इस्तेमाल किया जाता है। साल 2023 का आईपीएल फाइनल रिजर्व डे पर खेला गया था। ऐसे में आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 के लिए भी कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है। यही कारण है कि अगर बारिश लगातार होती है और मुकाबला (RCB vs GT) नहीं हो पाता, तो नियमों के आधार पर फाइनलिस्ट का फैसला किया जाएगा।
RCB vs GT: मैच रद्द होने पर कैसे होगा फाइनलिस्ट का फैसला?
आईपीएल के नियमों के अनुसार प्लेऑफ मुकाबले को पूरा कराने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाता है ताकि कम से कम 5-5 ओवर का मैच कराया जा सके। लेकिन अगर मौसम इतना खराब हो कि 5 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाए, तब मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में अंक तालिका में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता माना जाएगा और वही टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।
RCB vs GT:अंक तालिका में RCB को मिलेगा फायदा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस दोनों के 18-18 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले में बेंगलुरु की टीम आगे है। आरसीबी का नेट रन रेट +0.783 है, जबकि गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट +0.695 है। इसी वजह से आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मौजूद है। अगर बारिश के कारण क्वालीफायर-1 पूरी तरह रद्द हो जाता है तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि गुजरात टाइटंस को क्वालीफायर-2 खेलना पड़ेगा।

RCB vs GT: एलिमिनेटर मुकाबले पर भी रहेंगी नजरें
क्वालीफायर-1 (RCB vs GT) के अलावा फैंस की नजरें एलिमिनेटर मुकाबले पर भी रहने वाली हैं। एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में पहुंचेगी, जहां उसका सामना क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम से होगा। वहीं हारने वाली टीम का टूर्नामेंट से सफर खत्म हो जाएगा।
