अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया में पहली बार चुने गए 6 फुट 5 इंच लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार इन दिनों चर्चा में हैं। पंजाब के इस बाएं हाथ के पेसर का शुभमन गिल से खास कनेक्शन है और वह नेट्स में विराट कोहली को भी अपनी रफ्तार से परेशान कर चुके हैं।
Who is Gurnoor Brar? अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। IPL 2026 खत्म होने के तुरंत बाद 6 जून से इस सीरीज की शुरुआत होने वाली है। इस बार भारतीय टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला है, लेकिन जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है वो हैं पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार।
25 साल के इस लंबे कद के गेंदबाज को पहली बार सिर्फ टेस्ट ही नहीं बल्कि वनडे टीम में भी जगह मिली है। गुरनूर बरार का नाम पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट और IPL सर्किट में लगातार चर्चा में रहा है। खास बात ये है कि वह अपनी रफ्तार और बाउंस से विराट कोहली जैसे बल्लेबाज को भी नेट्स में परेशान कर चुके हैं।
कौन हैं Gurnoor Brar?
गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले 25 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। करीब 6 फुट 5 इंच लंबे गुरनूर अपनी तेज रफ्तार और अतिरिक्त बाउंस के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी और लिस्ट ए क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। गुरनूर अब तक 18 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 52 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि 9 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 12 विकेट दर्ज हैं। टीम इंडिया में लंबे समय से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की कमी महसूस की जा रही थी और इसी वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका दिया है।
शुभमन गिल से है Gurnoor Brar का खास कनेक्शन
गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) की क्रिकेट यात्रा भी काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि शुरुआत में उनका झुकाव फुटबॉल और टेनिस की तरफ ज्यादा था, लेकिन 16 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात शुभमन गिल से हुई थी, जो उस समय भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। शुभमन गिल ने ही गुरनूर को मोहाली जिले की टीम में शामिल करवाने में मदद की थी, जिसके बाद उन्होंने पंजाब की एज ग्रुप टीमों में अपनी पहचान बनाई। अब दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम में साथ नजर आने वाले हैं।
विराट कोहली को नेट्स में कर चुके हैं परेशान
साल 2024 में बांग्लादेश सीरीज के दौरान गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) ने विराट कोहली को नेट्स में गेंदबाजी की थी। दरअसल टीम इंडिया को बांग्लादेश के लंबे कद के तेज गेंदबाज नाहिद राणा की तैयारी करनी थी, जिसके लिए गुरनूर को नेट्स में बुलाया गया था। अपनी तेज गति और अतिरिक्त बाउंस से उन्होंने विराट को काफी परेशान किया था। यही वजह है कि गुरनूर का नाम धीरे-धीरे भारतीय क्रिकेट सर्किट में चर्चा का विषय बन गया और अब उन्हें टीम इंडिया में मौका भी मिल गया है।
IPL से टीम इंडिया तक का सफर
गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा, जिसके बाद IPL टीमों की नजर भी उन पर पड़ी। वह पहले पंजाब किंग्स के नेट गेंदबाज बने और बाद में फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद शुभमन गिल के कहने पर गुरनूर गुजरात टाइटंस के नेट बॉलर बने और फिर टीम ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 1.30 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि गुजरात की ओर से उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन टीम इंडिया के चयनकर्ताओं ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए अब उन्हें सीधे टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में मौका दे दिया है।
