WI vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 15वां मुकाबला इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया जिसमें वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रनों से हरा दिया।
WI vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा लग रहा है इंग्लैंड टीम के बादल संकट में है। नेपाल के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड की टीम किसी तरह गिरते-पड़ते अपनी लाज बचाने में कामयाब हुई थी लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में अंग्रेज टीम ये कारनामा दोहराने में नाकामयाब रहे और 30 रनों से मुकाबला गंवा दिया।
टूर्नामेंट में जीत के साथ जोरदार शुरुआत करने वाली वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में हुई टक्कर लगभग एकतरफा साबित हुई। कैरेबियाई टीम से मिले 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 166 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से सैम करन ने नाबाद 43 रन जड़े, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।
WI vs ENG: क्या रहा मैच का हाल
टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शाई होप बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, तो ब्रेंडन किंग एक रन बनाकर चलते बने। 8 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही कैरेबियाई टीम की पारी को शिमरॉन हेटमायर और रोस्टन चेज ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए मिलकर 47 रन जोड़े। हेटमायर 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि चेज 34 रन बनाने के बाद आदिल रशीद का शिकार बने।

WI vs ENG: शेरफेन रदरफोर्ड का धमाल
हालांकि, असली धमाल शेरफेन रदरफोर्ड ने मचाया। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 42 गेंदों में 76 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 2 चौके और 7 गगनचुंबी सिक्स जमाए। अंतिम ओवरों में जेसन होल्डर ने 17 गेंदों में 33 रन ठोके, जिसके बूते टीम 196 रनों के बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही।
WI vs ENG: इंग्लैंड की पारी का हाल
वेस्टइंडीज से मिले 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले विकेट के लिए फिल सॉल्ट और जोस बटलर ने मिलकर 38 रन जोड़े। सॉल्ट ने सिर्फ 14 गेंदों में 30 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन वह अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। बटलर भी 21 रन बनाकर चलते बने।
टॉम बैंटन लगातार दूसरे मैच में बल्ले से बुरी तरह से फ्लॉप रहे और महज 2 रन बनाकर चलते बने। कप्तान हैरी ब्रूक 17 रन बनाकर आउट हुए। जैकब बेथेल ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए और उन्होंने 23 गेंदों में 33 रन जड़े। अंतिम ओवरों में सैम करन ने 30 गेंदों में 43 रन जड़े, लेकिन उन्हें बाकी बैटर्स का साथ नहीं मिल सका।
