दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ प्रभसिमरन सिंह ने मुकेश कुमार के एक ओवर में लगातार 6 चौके जड़कर इतिहास रच दिया। ऐसा कारनामा करने वाले वे तीसरे बल्लेबाज बने है।
DC vs PBKS, Prabhsimran Singh 6 consecutive fours: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया। 265 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई और दिल्ली के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेली गई इस पारी के दौरान प्रभसिमरन ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो आईपीएल इतिहास में बेहद कम देखने को मिला है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के एक ओवर में लगातार 6 चौके जड़ दिए और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया।
DC vs PBKS: मुकेश कुमार के ओवर में बरसे 6 चौके
पंजाब किंग्स की पारी के पावरप्ले में प्रभसिमरन सिंह पूरी तरह आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुकेश कुमार को निशाने पर लिया और एक के बाद एक 6 गेंदों पर 6 चौके जड़ दिए। प्रभसिमरन ने कवर ड्राइव, पुल शॉट और स्ट्रेट ड्राइव जैसे शानदार शॉट्स से दिल्ली के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी।
DC vs PBKS: आईपीएल इतिहास में तीसरी बार हुआ ऐसा
इस मुकाबले (DC vs PBKS) में प्रभसिमरन सिंह आईपीएल इतिहास में एक ओवर में 6 चौके लगाने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ के नाम थी। सबसे पहले अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल 2012 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ श्रीनाथ अरविंद के ओवर में 6 चौके लगाए थे। इसके बाद पृथ्वी शॉ ने आईपीएल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शिवम मावी के पहले ओवर में 6 चौके जड़कर इतिहास रचा था।

DC vs PBKS: पंजाब के लिए खेली तूफानी पारी
प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं बनाया, बल्कि टीम के लिए मैच जिताऊ अंदाज में बल्लेबाजी भी की। उन्होंने 26 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के निकले। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के पास उनके आक्रामक खेल का कोई जवाब नहीं था। हालांकि उनकी शानदार पारी का अंत कुलदीप यादव ने किया, लेकिन तब तक वह पंजाब को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे।
