GT vs RCB मुकाबले में रजत पाटीदार के विवादित कैच पर बवाल मच गया, थर्ड अंपायर के फैसले से नाराज़ विराट कोहली ने मैदान पर अपना गुस्सा जाहिर किया।
GT vs RCB, Rajat Patidar catch: आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया मैच रोमांच के साथ-साथ विवादों के लिए भी याद किया जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में जहां एक तरफ रन बरस रहे थे, वहीं दूसरी तरफ अंपायरिंग फैसलों ने भी सुर्खियां बटोरीं।
आरसीबी की पारी के दौरान एक ऐसा मोड़ आया, जिसने मैच का माहौल ही बदल दिया। रजत पाटीदार के विकेट को लेकर थर्ड अंपायर का फैसला आते ही डगआउट में बैठे विराट कोहली का गुस्सा फूट पड़ा और मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
GT vs RCB: पाटीदार के कैच पर छिड़ा विवाद
आरसीबी ने शुरुआती झटकों के बाद रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी से पारी को संभाला। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी बनती नजर आ रही थी, लेकिन इसी बीच अरशद खान की गेंद पर पाटीदार ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की।
गेंद डीप स्क्वायर लेग की दिशा में गई, जहां जेसन होल्डर ने शानदार डाइव लगाते हुए कैच पकड़ा। हालांकि कैच के दौरान उनका हाथ जमीन से छूता हुआ नजर आया, जिससे यह साफ नहीं था कि कैच पूरी तरह क्लीन है या नहीं। फील्ड अंपायर ने फैसला तीसरे अंपायर के पास भेजा, जिन्होंने रिप्ले देखने के बाद पाटीदार को आउट करार दे दिया।
GT vs RCB: विराट कोहली का फूटा गुस्सा
थर्ड अंपायर का फैसला आते ही विराट कोहली काफी नाराज नजर आए। डगआउट में बैठे कोहली तुरंत उठे और चौथे अंपायर के पास जाकर अपनी नाराजगी जाहिर करने लगे। उनके हावभाव से साफ था कि वह इस फैसले से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। इस दौरान आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर भी वहां मौजूद थे और स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे थे। कोहली का यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
GT vs RCB: कोहली की तेज शुरुआत, लेकिन बड़ी पारी से चूके
इस मुकाबले (GT vs RCB) में विराट कोहली ने भी शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने कगिसो रबाडा के एक ओवर में लगातार पांच चौके लगाकर फैंस को रोमांचित कर दिया था। हालांकि वह अपनी इस शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली के आउट होने के बाद आरसीबी की बल्लेबाजी पर दबाव और बढ़ गया।
