लुंगी एंगिडी की फिटनेस पर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिससे दिल्ली कैपिटल्स को राहत मिली है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले उनकी स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हैं।
IPL 2026, Update on Lungi Ngidi: आईपीएल 2026 के रोमांचक मोड़ पर पहुंचते ही दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी की वापसी अब करीब नजर आ रही है, जो लंबे समय से चोट के चलते टीम से बाहर चल रहे थे। ऐसे समय में जब टीम को लगातार जीत की जरूरत है, एंगिडी की वापसी दिल्ली के लिए बड़ा बूस्ट साबित हो सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने एंगिडी की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एंगिडी अब पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। इससे साफ है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्द ही प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर सकता है।
IPL 2026: चेन्नई के खिलाफ हो सकती है एंगिडी की वापसी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लुंगी एंगिडी ने कंकशन प्रोटोकॉल के तहत जरूरी 6 दिन का आराम पूरा कर लिया है और अब उन्हें खेलने की अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में 5 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनकी वापसी की पूरी संभावना जताई जा रही है। अगर एंगिडी इस मैच में खेलते हैं, तो दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण और भी धारदार हो जाएगा, खासकर डेथ ओवर्स में उनकी मौजूदगी टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
IPL 2026: मैदान पर लगी थी गंभीर चोट
25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान एंगिडी के साथ बड़ा हादसा हुआ था। कैच पकड़ने की कोशिश में वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े थे, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। चोट लगने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई। इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उन्होंने आराम किया और अब वे पूरी तरह फिट होकर ट्रेनिंग में लौट चुके हैं।

IPL 2026: दिल्ली और चेन्नई के लिए अहम मुकाबला
दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला अगला मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों ही टीमें प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं और हर मैच उनके लिए करो या मरो जैसा है।
चेन्नई ने अब तक 9 मैचों में 4 जीत दर्ज की है और वह अंक तालिका में छठे स्थान पर है, जबकि दिल्ली भी 9 मैचों में 8 अंक लेकर सातवें पायदान पर मौजूद है। हालांकि बेहतर नेट रन रेट के कारण चेन्नई को बढ़त मिली हुई है।
