RCB vs MI: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले में आरसीबी ने अंतिम ओवर में जीत दर्ज कर 2 अहम अंक अपने नाम किए है।
भारतीय प्रीमियर लीग 2026 का 54वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी और रोमांच से भरपूर रहा, जिसका फैसला आखिरी ओवर में जाकर हुआ।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लक्ष्य का पीछा करते हुए छह बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को इस रोमांचक मुकाबले में मात दी। मैच में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले, लेकिन अंत में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम कर लिया।
RCB vs MI: उतार चढ़ाव से भरे मुकाबले में आरसीबी ने जीता मैच
इस मुकाबले (RCB vs MI) में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जहां लगभग हर कुछ गेंदों के बाद मैच का पलड़ा कभी आरसीबी तो कभी मुंबई इंडियंस की तरफ झुकता नजर आया। आखिरी गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत के लिए 2 रन की जरूरत थी और रासिख सलाम ने शानदार दौड़ लगाते हुए टीम को यादगार जीत दिला दी। इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
RCB vs MI: मुंबई इंडियंस ने बनाए थे 166 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने सिर्फ 28 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में 57 रन की अहम पारी खेली, जबकि नमन धीर ने भी 47 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन दोनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए।

RCB vs MI: आरसीबी ने आखिरी गेंद पर जीता मुकाबला
167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 39 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। क्रुणाल ने 46 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेलकर आरसीबी को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि, आखिरी ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मैच बेहद रोमांचक हो गया। अंत में आरसीबी ने मुकाबला फिनिश करते हुए जीत दर्ज कर ली।

RCB vs MI: मुंबई इंडियंस हुई IPL 2026 से बाहर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इस रोमांचक मुकाबले में हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 में प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गई हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के बाद मुंबई इंडियंस इस सीजन प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई है।
