मध्यप्रदेश सरकार 12 मार्च (बुधवार) को प्रदेश का बजट पेश करेगी। आइए जानते है किसानों एवं महिलाओं को बजट (Budget) से क्या क्या उम्मीदें।
Budget | मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 12 मार्च (बुधवार) को वित्तीय वर्ष का बजट पेश करने वाली है। इसमें किसानों से लेकर आमजनता के लिए कई बड़ी घोषणाओं की उम्मीद है।
मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक, इस बार बजट 4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है। इसमें महिला, किसान, युवा और गरीब पर ज्यादा फोकस रहेगा।
किसानों के लिए शुरू की जा रही प्रोन्नति योजना में धान पर 4 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर प्रोत्साहन राशि तो दूध उत्पादक किसानों को 5 रुपए प्रति लीटर बोनस देने का प्रावधान किया जा सकता है।
बजट (Budget) में 1 लाख नई नौकरियां और गरीबों के लिए 6 लाख से अधिक मकान और किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक प्रोन्नति योजना का भी ऐलान कर सकती है। आइए जानते है एमपी बजट से किसानों एवं महिलाओं को क्या क्या उम्मीद…
किसानों के लिए बजट में इन मुद्दों पर चर्चा
सरकार बजट (Budget) में एक नई योजना किसान प्रोन्नति का ऐलान कर सकती है। इसमें धान पर 4 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर के हिसाब से बोनस दिया जा सकता है।
साथ ही गेहूं पर 175 रुपए प्रति क्विंटल बोनस का ऐलान हो सकता है। इसके अलावा किसानों के लिए अल्पकालीन ऋण के लिए 600 करोड़ रुपए का प्रावधान हो सकता है।
वहीं, सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर खरीदी, अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने वाले सवा लाख किसानों को सौर ऊर्जा पंप और हर पंचायत में पीएम किसान समृद्धि केंद्र की स्थापना का ऐलान हो सकता है।
वही दूसरी ओर सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराने के लिए दिए जाने वाले अनुदान पर विभिन्न विभागों के बजट (Budget) में 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान होने की उम्मीद है।
पीएम आवास योजना में 6 लाख नए मकान देगी सरकार
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अगले एक साल में करीब 6 लाख मकान बनाने के लिए बजट (Budget) में राशि का प्रावधान किया जा सकता है। इसमें ग्रामीण इलाकों में 4 लाख और शहरी क्षेत्र में 1.5 लाख मकान बनाने की योजना है।
इसके अलावा पीएम जनमन योजना में भी एक लाख से ज्यादा मकान बनाए जा सकते हैं। सरकार ने तीन साल में 12 लाख मकान बनाने का लक्ष्य रखा है। इस पर 23 हजार 275 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्र सरकार प्रोजेक्ट के लिए 15 हजार 795 करोड़ रुपए देगी, राज्य का अंश 7 हजार 480 करोड़ रुपए होगा।
लखपति दीदी और लाड़ली बहना योजना पर बड़ी घोषणा की उम्मीद | Budget
पिछले बजट (Budget) में लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाकर इसमें 5 लाख महिलाओं को शामिल किया गया था। 528 मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित किए गए और 14 हजार 411 लखपति दीदी तैयार की गईं। इस बार 15 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का टारगेट रखा जा सकता है।
एमपी में 1 करोड़ 27 लाख महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1250 रुपए की राशि ट्रांसफर की जाती है। इस योजना की राशि बढ़ेगी या नहीं, ये अभी साफ नहीं है। गौरतलब है की, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने योजना की राशि 3000 रूपये देने का एलान किया था।
लंबे समय तक 1250 रूपये की किस्त के बाद इस पर चर्चा की जा सकती है। इसके अलावा लाड़ली बहनाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर जैसी योजना के लिए 19 हजार करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया जा सकता है।