आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की पहली हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया और टीम को प्रदर्शन सुधारने की चेतावनी दी।
PBKS vs RR, Shreyas Iyer statement: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की शानदार जीत की लय आखिरकार टूट गई। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 222 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद टीम को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। यह इस सीजन में पंजाब की पहली हार रही, जिसने टीम की कुछ कमजोरियों को उजागर कर दिया है।
इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने खुलकर अपनी टीम की कमियों पर बात की और साफ संकेत दिया कि अगर सुधार नहीं हुआ तो आगे मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अय्यर ने न सिर्फ हार की वजह बताई, बल्कि टीम को चेतावनी भी दी कि उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी।
PBKS vs RR: गेंदबाजी बनी हार की सबसे बड़ी वजह
PBKS vs RR मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने साफ कहा कि 222 रन इस पिच पर एक बेहतरीन स्कोर था, लेकिन गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने माना कि टीम गेंदबाजी में पीछे रह गई, जिसका फायदा राजस्थान के बल्लेबाजों ने पूरी तरह उठाया। अय्यर ने कहा कि यह ऐसा प्रारूप है जहां एक-दो खिलाड़ी भी मैच का रुख बदल सकते हैं और यही इस मुकाबले में देखने को मिला। राजस्थान के बल्लेबाजों ने दबाव में भी शानदार खेल दिखाया और लक्ष्य हासिल कर लिया।
PBKS vs RR: क्या थकान बनी हार की वजह?
लगातार मैच खेलने के चलते टीम पर थकान का असर भी दिखा। इस सवाल पर अय्यर ने कहा कि शरीर जरूर थोड़ा थका हुआ था, लेकिन इसे हार का बहाना नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने माना कि यह हार टीम के लिए सीख है और अब जरूरी है कि खिलाड़ी जल्दी इससे उबरें और आगे के मुकाबलों पर ध्यान दें। अय्यर के मुताबिक, पीछे मुड़कर देखने पर कई चीजें बेहतर की जा सकती थीं।
PBKS vs RR: बल्लेबाजों ने किया था दमदार काम
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी इस मैच में काफी मजबूत रही। प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने तेजी से रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30 रन का योगदान दिया, लेकिन सबसे बड़ी पारी मार्कस स्टोयनिस ने खेली। उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 62 रन ठोककर टीम को 222 रन तक पहुंचाया।

PBKS vs RR:राजस्थान के फिनिशर्स ने पलटा मैच
राजस्थान रॉयल्स की ओर से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तेज शुरुआत दिलाई, जिससे टीम को मजबूत आधार मिला। इसके बाद डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने शानदार फिनिशिंग करते हुए मैच पंजाब से छीन लिया।फरेरा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे ने 12 गेंदों में 31 रन ठोके। उनकी इस साझेदारी के सामने पंजाब के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और यही इस मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
