मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। पीठ में ऐंठन की वजह से पिछले मैच से बाहर रहने वाले हार्दिक अब आरसीबी के खिलाफ रायपुर में होने वाले मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं।
Hardik Pandya didn’t travel with squad: मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 अब तक काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर जरूर राहत की सांस ली, लेकिन प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अभी उन्हें लगातार जीत की जरूरत है। ऐसे समय में कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है।
मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले हार्दिक पांड्या टीम के साथ रवाना नहीं हुए। एयरपोर्ट पर पूरी टीम नजर आई, मगर कप्तान की गैरमौजूदगी ने उनके खेलने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर Hardik Pandya को हुआ क्या है?
हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी नहीं खेले थे। उस मैच में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली थी। मुंबई इंडियंस ने बताया था कि हार्दिक पीठ में ऐंठन और दर्द की वजह से मैच का हिस्सा नहीं बन पाए। शुरुआत में इसे मामूली समस्या माना जा रहा था, लेकिन अब उनके रायपुर के लिए टीम के साथ ट्रैवल नहीं करने से सस्पेंस बढ़ गया है।
एयरपोर्ट पर नहीं दिखे कप्तान
मुंबई इंडियंस का स्क्वॉड जब रायपुर के लिए रवाना हुआ तो हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) एयरपोर्ट पर नजर नहीं आए। इसके बाद फैंस के बीच उनकी फिटनेस को लेकर चर्चा तेज हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिलहाल यह साफ नहीं है कि हार्दिक अगले कुछ दिनों में टीम के साथ जुड़ेंगे या नहीं। ऐसे में आरसीबी के खिलाफ उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है।
मुंबई इंडियंस नहीं लेना चाहती कोई जोखिम
हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) टीम के सबसे अहम ऑलराउंडर्स में से एक हैं। वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से टीम को संतुलन देते हैं, इसलिए मुंबई इंडियंस उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। टीम मैनेजमेंट चाहती है कि हार्दिक पूरी तरह फिट होकर ही मैदान पर वापसी करें ताकि चोट आगे और गंभीर न हो। इसी वजह से उन्हें अतिरिक्त आराम दिया जा सकता है।

प्लेऑफ की राह अब भी मुश्किल
मुंबई इंडियंस ने लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है, लेकिन टीम की राह अभी भी आसान नहीं है। अगर मुंबई अपने बाकी सभी मुकाबले जीतती है तो उसके 14 अंक हो सकते हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। ऐसे में आरसीबी के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए बेहद अहम रहने वाला है।
