सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में शतक जड़ने के बाद वैभव सूर्यवंशी फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए। हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के चलते वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए, जिससे राजस्थान रॉयल्स की चिंता बढ़ गई।
RR vs SRH, Vaibhav Sooryavanshi injury scare: आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान वैभव फील्डिंग करते समय चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा।
वैभव का लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना राजस्थान रॉयल्स के लिए चिंता बढ़ाने वाला पल रहा। इस सीजन में बल्ले से धमाल मचा रहे युवा स्टार की फिटनेस अब टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों के लिए बड़ा सवाल बन गई है।
RR vs SRH: फील्डिंग के दौरान अचानक लगी चोट
घटना पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हुई, जब ईशान किशन ने जोरदार शॉट खेला। गेंद तेजी से बाउंड्री लाइन की तरफ गई और उसी दिशा में वैभव सूर्यवंशी तैनात थे। गेंद रोकने के लिए उन्होंने तेजी से दौड़ लगाई। इसी दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ और वह तुरंत मैदान पर बैठ गए। दर्द साफ तौर पर उनके चेहरे पर नजर आ रहा था, जिसके बाद फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
RR vs SRH: लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए वैभव
हालात ऐसे बन गए कि वैभव सूर्यवंशी खुद चलने की स्थिति में नहीं दिखे। टीम स्टाफ के सहारे उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। इस दौरान वह लंगड़ाते हुए नजर आए, जिसने राजस्थान रॉयल्स के खेमे में टेंशन बढ़ा दी।
RR vs SRH: हैदराबाद के खिलाफ खेली थी तूफानी पारी
वैभव सूर्यवंशी ने इसी मुकाबले में बल्ले से भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़कर तहलका मचा दिया। युवा बल्लेबाज ने 103 रन की विस्फोटक पारी खेली और राजस्थान रॉयल्स को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक रहा। इससे पहले वह आईपीएल 2025 में भी रिकॉर्डतोड़ सेंचुरी लगा चुके हैं।
