IPL 2026 के बीच क्रिकेट जगत से दुखद खबर सामने आई है। पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह गिल का 37 साल की उम्र में निधन हो गया, जिसके बाद पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और PBKS ने गहरा शोक जताया है।
SRH vs PBKS, Punjab Kings former player passed away: आईपीएल 2026 में जहां एक ओर प्लेऑफ की रेस रोमांचक होती जा रही है, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट जगत से आई एक दुखद खबर ने सभी को भावुक कर दिया है। पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से पहले पंजाब क्रिकेट से जुड़ी एक बड़ी शख्सियत के निधन की खबर सामने आई है।
पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह गिल का 37 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक दुनिया छोड़ जाने की खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) और पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
SRH vs PBKS: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने जताया दुख
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने आधिकारिक बयान में अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर गहरा दुख जताया। PCA ने कहा कि अमनप्रीत ने पूरी लगन और जुनून के साथ पंजाब क्रिकेट की सेवा की थी। उन्होंने पंजाब, इंडिया अंडर-19 और किंग्स इलेवन पंजाब जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया था।
PCA ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत प्रदान करें। एसोसिएशन ने यह भी जानकारी दी कि अमनप्रीत सिंह गिल का अंतिम संस्कार 6 मई 2026 को चंडीगढ़ के मनीमाजरा श्मशान घाट में किया जाएगा। हालांकि अभी तक उनके निधन की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
SRH vs PBKS: क्रिकेट करियर में कई बड़े खिलाड़ियों के साथ बिताया समय
अमनप्रीत सिंह गिल का जन्म 16 सितंबर 1989 को हुआ था। वह दाएं हाथ के मीडियम पेसर थे और निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर लेते थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान विराट कोहली, रविंद्र जडेजा और सौरभ तिवारी जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। अमनप्रीत ने पंजाब की घरेलू टीम और इंडिया अंडर-19 टीम के लिए भी क्रिकेट खेला था।
SRH vs PBKS: IPL में पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे थे अमनप्रीत
अमनप्रीत सिंह गिल को साल 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब ने अपने साथ जोड़ा था। वह 2010 तक टीम का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने युवराज सिंह, महेला जयवर्धने और ब्रेट ली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। हालांकि उन्हें आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल पाया।
